
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में विश्व हिंदू परिषद के नेता को गोली मारने वाले AAP नेता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी AAP नेता छत्तीसगढ़ छोड़कर दिल्ली भागने की फिराक में था। उसे रायपुर एयरपोर्ट से रायगढ़ पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने पकड़ा है।
खरसिया में आम आदमी पार्टी नेता अमर अग्रवाल ने सोमवार को VHP के प्रखंड संयोजक गोपाल गिरी को सीने में 3 गोलियां मार दी थी। इसके बाद वहां से भाग निकला। VHP नेता की हालत फिलहाल स्थिर है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच जमीन को लेकर विवाद है। जानकारी के मुताबिक, अमर अग्रवाल खरसिया विधानसभा से AAP के टिकट पर चुनाव भी लड़ चुका है। घायल गोपाल गिरी और अमर अग्रवाल के बीच 2019 से जमीन विवाद चल रहा है। सोमवार को भी इसी बात पर दोनों के बीच विवाद हुआ और अमर अग्रवाल ने गोपाल गिरी पर एयरगन से फायरिंग कर दी। फायरिंग में गोपाल गिरी के सीने में 3 गोलियां लगीं। इसके बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसे पहले खरसिया अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया।
दिल्ली भागने की फिराक में था आरोपी
इधर गोपाल गिरी को गोली मारने के बाद आप नेता अमर अग्रवाल फरार हो गया था। पुलिस अलग-अलग टीम बनाकर आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही थी। इस दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी दिल्ली भागने की फिराक में है।
आरोपी को रायपुर एयरपोर्ट से पकड़ा गया
जिस पर रायगढ़ पुलिस और रायपुर क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने आरोपी अमर अग्रवाल को रायपुर एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ धारा 294, 307, 506, 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।



