
IAS पूजा खेडकर पर नई मुसीबत, अब घर पर चलेगा बुलडोजर! अतिक्रमण पर मिला नोटिस मगर नहीं आया जवाब
ट्रेनी आईएएस अधिकारी पूजा खेडकर की मुश्किलें बढ़ती ही जा रही हैं. ट्रेनिंग पीरियड के दौरान अनुचित मांगें और पर्सनल ऑडी कार पर लाल-नीली बत्ती के गलत इस्तेमाल को लेकर पूजा खेडकर बुरी तरह फंस चुकी हैं. अब ट्रेनी आईएएस पूजा खेडकर के खिलाफ बुलडोजर एक्शन की सुगबुगाहट तेज हो गई है. पूजा खेडकर और उनके परिवार द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाने की तैयारी हो चुकी है. पूजा खेडकर के घर पर अतिक्रमण वाले पार्ट पर बुलडोजर चल सकता है. बता दें कि पूजा की मां मनोरमा खेडकर को पुलिस ढूंढ रही है. जमीन से जुड़े मामले में वह फरार चल रही हैं.
दरअसल, पुणे महानगरपालिका आईएएस पूजा खेडकर और उनके परिवार द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाने की तैयारी में है. बंगले के ब्यूटीफिकेशन के दौरान अतिक्रमण करने के मामले में पुणे महानगरपालिका ने 12 जुलाई को खेडकर परिवार को नोटिस दिया था. हालांकि, पूजा खेडकर और परिवार की तरफ से अह तक पुणे महानगर पालिका को कोई जवाब नहीं मिला है. ऐसे में अब किसी भी वक्त पुणे नगरपालिका के अधिकारी बुलडोजर लेकर पूजा के घर दस्तक दे सकते हैं.
क्यों विवादों में हैं ट्रेनी आईएएस पूजा खेडकर
बता दें की ट्रेनी आईएएस पूजा खेडकर कई विवादों में घिरती जा रही हैं. आईएएस पूजा खेडकर सुर्खियों में तब आईं, जब उन्होंने पुणे में अपनी तैनाती के दौरान कथित तौर पर अलग ‘केबिन’ और ‘स्टाफ’ की मांग की थी. उनकी मांगों की फेहरिस्त से स्टाफ परेशान हो चुके थे. उन्होंने जिला अधिकारी से इसकी शिकायत कर दी थी. तब ट्रेनी आईएएस पूजा खेडकर पर शिकंजा कसना शुरू हुआ. हालांकि, बाद में आईएएस पूजा का अचानक वाशिम जिले में ट्रांसफर कर दिया गया.
पूजा की एक और पोल खुली?
पूजा की विकलांगता वाले दावे पर भी अब सवाल उठ रहे हैं. खुद मेडिकल कॉलेज के डायरेक्टर ने कहा है कि पूजा खेडकर ने 2007 में मेडिकल कॉलेज में नामांकन कराने के दौरान ‘फिटनेस’ प्रमाणपत्र जमा किया था. पुणे के काशीबाई नवले मेडिकल कॉलेज के निदेशक डॉ अरविंद भोरे ने कहा, ‘हमारे कॉलेज में 2007 में दाखिला लेने के दौरान पूजा खेडकर द्वारा सौंपे गये मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र में शारीरिक या मानसिक, किसी तरह की दिव्यांगता का उल्लेख नहीं किया गया था.’34 साल की पूजा खेडकर सिविल सेवा परीक्षा में चुने जाने के लिए कपटपूर्ण तरीके का इस्तेमाल करने के आरोपों का सामना कर रही हैं. उन्होंने खुद को कथित तौर पर शारीरिक रूप से दिव्यांग और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) समुदाय का बताया था.
पूजा की मां को खोज रही पुलिस
अधिकारी के मुताबिक, सिविल सेवा परीक्षा में पूजा खेडकर की उम्मीदवारी सुनिश्चित करने और फिर चयन के लिए उनके द्वारा प्रस्तुत किये गये सभी दस्तावेजों की केंद्र द्वारा गठित एक सदस्यीय समिति द्वारा पुनः जांच की जाएगी. फिलहाल, पूजा खेडकर की मां मनोरमा खेडकर फरार हैं. पुणे पुलिस ने लाइसेंसी बंदूक के कथित दुरुपयोग को लेकर पूजा खेडकर की मां मनोरमा को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. हाल में वायरल हुए एक वीडियो क्लिप में मनोरमा को एक भूखंड को लेकर विवाद के दौरान एक किसान पर पिस्तौल तानते देखा गया. यह वीडियो कथित तौर पर 2023 का है. पुणे ग्रामीण पुलिस की टीमें आईएएस अधिकारी पूजा खेडेकर की मां मनोरमा खेडकर और पिता दिलीप खेडकर की तलाश में जुटी है. पुलिस की टीम पाथर्डी, अहमदनगर और मुंबई में पहुंची हैं.



