
जहरीली शराब से 29 की मौत, 60 बीमार; DM का ट्रांसफर, SP सस्पेंड
तमिलनाडु के कल्लाकुरिची जिले में जहरीली शराब पीने से बुधवार रात 29 लोगों की मौत हो गई। 60 से ज्यादा लोग बीमार हैं। इन लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। राज्य सरकार ने घटना की जांच CB-CID को सौंप दी है। जिम्मेदार अफसरों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया गया है। निषेध शाखा के 9 पुलिसकर्मी सस्पेंड कर दिए गए हैं। जिले के कलेक्टर का ट्रांसफर कर दिया है। साथ ही सरकार ने एसपी का सस्पेंशन ऑर्डर जारी किया है।
200 लीटर जहरीली शराब जब्त, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति के. कन्नुकुट्टी (49) को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से लगभग 200 लीटर जहरीली शराब बरामद हुई है। इसमें मेथनॉल मिला हुआ था। इस मेथनॉल की वजह से शराब जहरीला हो गया था। बता दें कि तमिलनाडु में जहरीली शराब से कई बार लोगों की मौत हो चुकी है। बीते साल मई में विलुपुरम जिले में इसी तरह के मेथनॉल मिक्सड शराब पीने से 12 लोगों की मौत हो गई थी।
क्या है मामला, कब हुई जहरीली शराब से मौतें
जहरीली शराब पीकर मरने वाले लोग कल्लाकुरिची जिले के करुणापुरम के रहने वाले हैं। इन लोगों ने 18 जून को पैकेट में बिकने वाली शराब पी थी। इस शराब का सेवन करने वाले ज्यादातर दिहाड़ी मजदूर थे। शराब पीने के तकरीब दो से तीन घंटे बाद इन लोगों को दस्त, उल्टी, पेट दर्द और आंखों में जलन होने लगी थी। इसके बाद इन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान गुरुवार सुबह तक एक-एक कर 29 लोगों ने दम तोड़ दिया।
अस्पताल में भर्ती मरीजों की स्थिति
जहरीली शराब की वजह से बीमार पड़ने वाले 20 से ज्यादा लोगों को कल्लाकुरिची मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, 18 लोगों को पुडुचेरी JIPMER और 6 लोगों को सेलम अस्पताल रेफर किया गया है। कल्लाकुरिची में 12 एंबुलेंस तैनात हैं। पुलिस के मुताबिक, मृतकों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। सरकार ने डॉक्टरों को सभी बीमार लोगों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं।

सीएम स्टालिन ने घटना पर जताया दुख
मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने कहा, ‘कल्लाकुरिची में जहरीली शराब पीने से लोगों की मौत की खबर सुनकर मैं हैरान और आहत हूं। जहरीली शराब बेचने वाले शख्स को गिरफ्तार कर लिया गया। सीएम ने आश्वासन दिया है कि जहरीली शराब की बिक्री राेकने में नाकाम रहने वाले सभी अफसरों के खिलाफ एक्शन लिया जाएगा। गुरुवार सुबह तक सरकार की ओर से मुआवजे का ऐलान नहीं किया गया था।



