
शिवरीनारायण में CM विष्णुदेव साय बोले- संविधान और आरक्षण पर झूठ बोल रहे कांग्रेसी; जनता सिखाएगी सबक
जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आम सभा को संबोधित किया और बीजेपी प्रत्याशी कमलेश जांगड़े के लिए जनता से वोट की अपील की। उन्होंने निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस हार के डर से संविधान और आरक्षण खत्म होने का भ्रम फैला रही है।
सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि ऐसे झूठे वादे और लबरा कांग्रेस को जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र की जनता 7 मई को कमल छाप पर बटन दबाकर सबक सिखाएगी। उन्होंने बीजेपी प्रत्याशी कमलेश जांगड़े को भारी मतों से जिताने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तीसरी बार भारत का प्रधानमंत्री बनाना है। सीएम की सभा में भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।

जांजगीर-चांपा लोकसभा सीट पर तीसरे चरण में 7 मई को मतदान होना है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शिवरीनारायण में आम सभा को संबोधित करते हुए कहा कि जबसे छत्तीसगढ़ में बीजेपी की सरकार बनी है, हमने मोदी की गारंटी को सांय-सांय पूरा किया है। चाहे वह महतारी वंदन योजना हो, किसानों को धान खरीदी का पैसा देना हो, 18 लाख पीएम आवास हो, पीएससी घोटाले की जांच हो.. छत्तीसगढ़ सरकार मोदी की गारंटी को पूरा करने में जुटी है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि केंद्र सरकार भी नल जल योजना के तहत शुद्ध पानी हर घर में पहुंचाने का काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबका साथ सबका विकास की राह पर चलने वाले नेता हैं। वे देश की 140 करोड़ लोगों को अपना परिवार मानते हैं। देशवासियों के लिए 24 घंटों में से 18 घंटे काम करते हैं। प्रधानमंत्री बनने के बाद से उन्होंने कभी छुट्टी नहीं ली। केंद्र सरकार ने देश की महिलाओं को गैस सिलेंडर दिया, सड़कें बनवाईं, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाया, अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण कराया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं कि ये तो अभी ट्रेलर है, देश को अर्थव्यवस्था में तीसरे स्थान और 2047 तक इसे विकसित राष्ट्र बनाना है। अभी बहुत कम करना है, जो प्रधानमंत्री लक्ष्य लेकर चल रहे हैं। इसलिए जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र से कमलेश जांगड़े को भारी वोटों से जिताना है और दिल्ली भेजना है, ताकि वे प्रधानमंत्री के कामों में सहयोग कर सकें।
पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर निशाना
सीएम विष्णु देव साय ने पूर्ववर्ती भूपेश बघेल सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इन्होंने छत्तीसगढ़ को भ्रष्टाचार और अपराधियों का गढ़ बना दिया। कांग्रेस ने प्रदेश को रेत माफिया, कोयला घोटाला, पीएससी घोटाला समेत कई घोटालों का दंश दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने महादेव सट्टा से 508 करोड़ रुपए लिए हैं, जिसके चलते उन पर एफआईआर दर्ज है। कई भ्रष्टाचारी अधिकारी और कांग्रेस नेता जेल की हवा खा रहे हैं।
बीजेपी ने आदिवासियों को सम्मान दिया- विष्णु देव साय
सीएम ने कहा कि आदिवासियों को सम्मान देने का काम भाजपा सरकार ने किया है। मुझ जैसे आदिवासी को छत्तीसगढ़ का मुख्यमंत्री बनाया है। आदिवासी समुदाय की बेटी द्रौपदी मुर्मू को देश का राष्ट्रपति बनाया है। यह आदिवासी समाज के लिए गौरव की बात है।
मुफ्त चावल योजना नहीं होगी बंद
विष्णु देव साय ने कहा कि कांग्रेस ये भी भ्रम पैदा कर रही है कि चावल देने की योजना बंद होगी, जो झूठ है। आयुष्मान योजना से अब 60 से 70 साल के बुजुर्गों को भी इस योजना का लाभ मिलेगा। इसके अलावा गरीबों को ब्याज मुक्त लोन दिया जाएगा। कांग्रेसी अब मोदी जी को मर जाए जैसी बात कह रहे हैं, लेकिन जनता चुनाव में कांग्रेस पार्टी को सबक सिखाएगी।



