
छत्तीसगढ़ कांग्रेस आज शनिवार को प्रदेश भर में बड़ा प्रदर्शन करने वाली है। कांग्रेस को इनकम टैक्स विभाग ने 1823.08 करोड़ रुपए जमा करने का नोटिस दिया है, इसके विरोध में पार्टी कार्यकर्ता राज्यव्यापी प्रदर्शन करने वाले हैं। इसके लिए सभी जिला अध्यक्षों को निर्देश दिया गया है।
कांग्रेस का कहना है कि आयकर विभाग ने कांग्रेस के 8 साल के आयकर रिटर्न को आधारहीन और गलत आधार पर फिर से ओपन कर दिया है। ये लोकतंत्र के सिद्धांतों पर एक जबरदस्त हमला के अलावा और कुछ नहीं है।

मशाल जुलूस निकालकर करेंगे विरोध
पार्टी ने सभी जिला अध्यक्षों को निर्देश दिया है कि बड़े पैमाने पर सार्वजनिक रूप से मशाल जुलूस के साथ विरोध-प्रदर्शन किए जाने का फैसला लिया गया है। साथ ही अगले दिन स्थानीय वरिष्ठ नेताओं और पार्टी पदाधिकारियों को शामिल करते हुए हमारी पार्टी के उम्मीदवारों के नेतृत्व में सभी निर्वाचन क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर विरोध-प्रदर्शन आयोजित किया जाना है।
केंद्र सरकार की तानाशाही
नोटिस को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा की केंद्र सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाया है। देश में लोकसभा चुनाव के समय प्रमुख विपक्षी दल को संसाधनविहीन करने की केंद्र सरकार की साजिश है। पीएम नरेंद्र मोदी को ये पता चल चुका है कि उनके खिलाफ देश में माहौल है, उनकी विदाई की बेला नजदीक आ गई है, तो विपक्ष को चुनाव लड़ने से रोकने के लिए इनकम टैक्स विभाग को आगे कर दिया।

भाजपा चुनाव से पहले कर रही षड्यंत्र
दीपक बैज ने बीजेपी और केंद्र की मोदी सरकार पर लोकतंत्र विरोधी षड्यंत्र रचने का आरोप लगाते हुए कहा है कि तानाशाह मोदी सरकार ने पहले कांग्रेस की चुनी हुई सरकारों को गिराया, डर और लालच से नेताओं की खरीद-फरोख्त की और जो नेता नहीं झुके, उनके ऊपर ईडी, आईटी और सीबीआई जैसी जांच एजेंसियों का अंकुश लगाया। इसके बाद अब जब देश में आम चुनाव हो रहे हैं, आचार संहिता लगने के बाद कांग्रेस पार्टी को आर्थिक रूप से चोट पहुंचाने के लिए आयकर विभाग का दुरुपयोग किया जा रहा है।



