
बाप-बेटे ने ड्रग सप्लाई कर बनाया था 2 करोड़ की संपत्ति, जब्त की कार्रवाई
छत्तीसगढ़ के भिलाई के आदतन अपराधी नंदू कनौजिया और रोहित के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंसेज (NDPS) एक्ट के तहत 2 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति कुर्क कर ली गई है। इनके खिलाफ आठ से अधिक NDPS प्रकरण दर्ज हैं और वे लंबे समय से अवैध मादक पदार्थों का व्यापार कर रहे थे।
सफेमा कोर्ट मुंबई के आदेश पर यह कार्रवाई की गई, जो NDPS अधिनियम के तहत अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों को जब्त करने की प्रक्रिया का हिस्सा है। आरोपियों ने स्वयं और परिजनों के नाम पर अलग-अलग जगहों पर संपत्ति अर्जित की थी। रूआबांधा में बीएसपी की भूमि पर 70 लाख रुपये का मकान और दुकान, सरस्वती कुंज रिसाली में 95 लाख रुपये का आलीशान मकान तथा बेटी निशा के नाम पर ग्राम धनोरा में 37 लाख रुपये की भूमि व भवन कुर्क किए गए।
यह कार्रवाई नशीली दवाओं की तस्करी से होने वाले लाभ को रोकने के उद्देश्य से की गई। CSP भारती मरकाम ने कहा कि ऐसी अवैध गतिविधि से लोग दूर रहें नहीं तो संपत्ति कुर्की की कारवाई आगे भी जारी रहेगी।



