
इत्तेफाक या कुछ और! एक ही सांप बार-बार डस रहा नाबालिग को, 2 महीने में 6 बार काटा
त्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में एक ऐसा हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. सिराथू तहसील क्षेत्र के भैंसहापर गांव की रहने वाली 15 साल की रिया मौर्य को एक ही महीने में लगातार छह बार सांप ने काट लिया. रिया के पिता राजेंद्र मौर्य का कहना है कि 22 जुलाई 2025 को खेत जाते समय पहली बार सांप ने उनकी बेटी रिया को काटा था. रिया को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया तो इलाज के बाद वह ठीक हो गई. लेकिन यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं टिक पाई. 13 अगस्त को फिर से सांप ने रिया मौर्य को काट लिया. हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने प्रयागराज रेफर किया, लेकिन परिजनों ने निजी अस्पताल में इलाज कराया. रिया मौर्य एक बार फिर मौत के मुंह से बाहर आ गई.
नाबालिग को सांप ने 6 बार डसा
वहीं, लगातार सांप के काटने से घबराकर रिया के छोटे भाई-बहन अब अपने ननिहाल चले गए हैं. पूरा परिवार झोपड़ीनुमा कच्चे घर में रहता है और अब वहां से पलायन करने की सोच रहा है. वहीं, सिराथू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मेडिकल ऑफिसर अखिलेश सिंह ने भी सांप काटने की इस घटना की पुष्टि की. उन्होंने बताया कि रिया मौर्य को तीन बार अस्पताल लाया गया. हर बार उसके पैरों में स्नेक बाइट के निशान मिले. उसे एंटी वेनम का डोज भी दिया गया. दो बार जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया.
दहशत में परिजन
डॉक्टरों के मुताबिक, बार-बार एक ही बच्ची को सांप का काटना हैरान करने वाली बात है. वहीं, गांव के लोग भी अब दहशत में हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना के बाद भी न तो वन विभाग ने सांप को पकड़ने की कोशिश की और न ही प्रशासन ने परिवार की मदद की. वहीं अब ये मामला पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है. सवाल यह है कि आखिर प्रशासन और वन विभाग कब जागेगा और पीड़ित परिवार को डर और संकट से बाहर निकालेगा.



