
कश्मीर में फंसे छत्तीसगढ़ के 65 पर्यटक, सीएम साय ने की बात,’जल्द लाएंगे वापस’
जम्मू कश्मीर/ रायपुर/ दुर्ग: पहलगाम आतंकी हमले में 28 पर्यटकों की नृशंस हत्या आतंकियों ने कर दी. इस घटना के बाद पूरे देश में उबाल है. छत्तीसगढ़ के पर्यटक और कारोबारी दिनेश मिरानिया की मौत हो गई. आतंकियों ने उन्हें गोली मारी थी. घायल अवस्था में उन्हें इलाज के लिए जम्मू कश्मीर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उसके बाद मंगलवार रात को उनका निधन हो गया. इस हमले की हर ओर निंदा हो रही है. इस आतंकी घटना के बाद अभी जम्मू कश्मीर के टूरिस्ट स्पॉट बंद हैं. पूरे जम्मू कश्मीर में बंद बुलाया गया है. इस बंद की वजह से कई पर्यटक फंस गए हैं. इनमें छत्तीसगढ़ के 65 पर्यटक भी फंसे हुए. ये सभी लोग दुर्ग भिलाई, रायपुर और दुर्ग के हैं.
श्रीनगर में फंसे छत्तीसगढ़ के पर्यटक
छत्तीसगढ़ के 65 पर्यटक कश्मीर में फंस गए हैं. ये सभी मंगलवार को पहलगाम पहुंचे थे. आतंकी हमले के बाद इन्हें रोक दिया गया था. उसके बाद इन्हें श्रीनगर लाया गया. श्रीनगर के होटल में सभी 65 पर्यटकों को ठहराया गया है. पर्यटकों ने अपनी आपबीती बताई और कहा कि हम कल रात से यहां पर एक होटल में ठहरे हुए हैं. कुल 65 पर्यटक हैं. सभी रायपुर, दुर्ग और भिलाई के रहने वाले हैं.
हम सभी को कल पहलगाम के पास रोक दिया गया. हमें बताया गया कि आतंकी हमला हुआ है. उसके बाद हमें होटल में ठहराया गया है. आज कश्मीर बंद हैं. हम कुल 65 लोग छत्तीसगढ़ से कश्मीर घूमने के लिए आए हैं. हम छत्तीसगढ़ से 18 अप्रैल को चले थे- दुर्ग की महिला पर्यटक
वरिष्ठ पत्रकार राम अवतार तिवारी भी फंसे
कश्मीर में छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ पत्रकार रामअवतार तिवारी भी फंसे हुए हैं. वह श्रीनगर के ताल होटल में हैं. ईटीवी भारत से वरिष्ठ पत्रकार रामअवतार तिवारी ने फोन पर बात की है. उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ के 50 से ज्यादा लोग यहां फंसे हुए हैं. दो बसों में सवार होकर ये लोग कश्मीर घूमने आए हैं.
सीएम साय और डीजीपी ने की पर्यटकों से बात
वरिष्ठ पत्रकार रामावतार तिवारी ने बताया कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने फोन करके सभी लोगों का हाल-चाल जाना है.साथ ही अभी वहां पर किस तरीके के हालात हैं इसकी भी जानकारी ली है. उन्होंने कहा कि सभी लोगों ने मुख्यमंत्री से निवेदन किया है उन्हें जल्द से जल्द यहां से निकाला जाए. मुख्यमंत्री ने भरोसा दिया है कि जल्द ही उन सभी लोगों को सुरक्षित वापस छत्तीसगढ़ लाया जाएगा. राम अवतार तिवारी ने बताया कि जो लोग यहां फंसे हुए हैं उनमें रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर के ज्यादा लोग शामिल है.



