
अपर-कलेक्टर के बेटे की डैम में डूबने से मौत:दिल्ली से छुट्टी मनाने आया था रायगढ़, स्पीकर निकालने पानी में उतरा, तभी गहराई में समाया
रायगढ़ जिले के टीपाखोल डैम में बालोद के अपर कलेक्टर अजय लकड़ा के बेटे की डूबने की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक दिल्ली से छुट्टी मनाने के लिए रायगढ़ आया था। अपने 2 दोस्तों के साथ डैम घूमने गया था। मामला कोतरा रोड थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के मुताबिक अपर कलेक्टर के बेटे का नाम जॉय लकड़ा (25) है। वह दिल्ली में रहकर कॉलेज की पढ़ाई करता था। मंगलवार रात करीब साढ़े 8 बजे डैम में तीनों दोस्त ब्लूटूथ स्पीकर से गाना सुन रहे थे, तभी स्पीकर पानी में गिर गया। उसे निकालने के लिए जॉय पानी में उतरा था।
अपने दोस्त को नहीं बचा सके युवक
इस दौरान जॉय डूबने लगा। दोस्त नवशीश शिंदे और शिवाशिष शिंदे ने बचाने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे। जॉय को और उसके दोनों दोस्तों को भी तैरना नहीं आता था। दोस्तों ने तत्काल कोतरा रोड पुलिस को जानकारी दी। पुलिस अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंची।
सुबह 3 बजे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
जिला कमांडेट ब्लासियुज कुजूर ने बताया कि रात में करीब साढ़े 10 बजे रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया, जो सुबह 3 बजे तक रेस्क्यू चला, लेकिन जाॅय का कुछ पता नहीं चला। इसके बाद फिर सुबह 6 बजे से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। करीब 1 घंटे के बाद वह जहां गिरा था, वहीं गहराई में उसकी डेडबाॅडी मिली।


