
रायपुर। भाजपा ने एक बार फिर किरण सिंह देव को छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और प्रदेश अध्यक्ष चुनाव प्रभारी विनोद तावड़े ने शुक्रवार को कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में किरण सिंह देव को निर्वाचित घोषित किया।
इस दौरान केंद्रीय पदाधिकारियों, प्रदेश पदाधिकारियों, मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और हजारों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में तावड़े ने किरण देव का राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की ओर से पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, उपमुख्यमंत्री अरुण साव समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं ने देव को बधाई दी।
प्रदेश नेतृत्व ने जताया भरोसा
कार्यक्रम में प्रदेश के सभी महामंत्री, जिलाध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों ने किरण सिंह देव का स्वागत किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय परिषद के लिए 17 सदस्यों के नामों की भी घोषणा की गई, जो राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव के लिए मतदान करेंगे।
संगठन से सरकार में लाने की थी चर्चा
इसके पहले कयास लगाए जा रहे थे कि किरण सिंह देव को संगठन से सरकार में लाया जा सकता है। हालांकि इसके बाद तय हुआ कि फिलहाल निकाय-पंचायत चुनाव के मद्देनजर भाजपा के वर्तमान अध्यक्ष को ही आगे की जिम्मेदारी दी जाए।
किरण सिंह देव ने विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा अध्यक्ष पद की कमान संभाली थी। इसके पहले वर्तमान के उप मुख्यमंत्री अरुण साव भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष थे। विधानसभा चुनाव में जीत के बाद किरण सिंह देव को अध्यक्ष बना दिया गया था।
प्रदेश संगठन चुनाव प्रभारी खूबचंद पारख ने बताया कि 60 लाख सदस्यता का लक्ष्य हासिल करते हुए 71 हजार सक्रिय सदस्य बनाए गए। 479 मंडलों में से 416 मंडलों का गठन हो चुका है, जबकि 24,219 बूथों में से 23,400 बूथों में चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न हुए।



