
रायपुर। छत्तीसगढ़ शराब घोटाला केस में ED ने पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार की सुबह वे ED दफ्तर पूछताछ के लिए पहुंचे थे। कोर्ट ने उन्हें 7 दिन के लिए ED की रिमांड में भेज दिया है। ED की रिमांड में उन्हें सीसीटीवी की निगरानी में रखा गया है। उनके वकील रोजाना आधा घंटे उनसे मुलाकात कर सकेंगे। कवासी लखमा की तबियत खराब रहती है, ऐसे में कोर्ट ने उन्हें डॉक्टर द्वारा प्रिसक्राइब्ड दवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। वे घर का खाना नहीं खा सकते हैं। उन्हें ED द्वारा दिया गया ही भोजन लेना होगा।
टीएस सिंहदेव बोले- ED की प्रक्रिया को बना दी गई सजा
कवासी लखमा की गिरफ्तारी पर पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने कहा कि, कवासी मंत्री थे तब से मामला चल रहा है क्यों कार्रवाई नहीं की गई? अब चुनाव करीब है तो उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है। ऐसा माहौल बन गया है कि लोग बात करने में घबराते हैं। लोग आकर कहते हैं मैं भी किसी के खिलाफ कुछ न कहूं। ED की कार्रवाई में प्रक्रिया को ही सजा बना दी गई है। इससे समझा जा सकता है कैसा वातावरण बना है. लंबे समय तक बेल नहीं होता सिर्फ आरोप लगाए जाते हैं।



