
बच्चा संभालते हुए टॉप की सिविल जज परीक्षा, पहले प्रयास में मेन्स के दिन ही बनने वाली थीं मां
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने बुधवार की रात छत्तीसगढ़ सिविल जज भर्ती 2023 का फाइनल रिजल्ट जारी किया. इसमें रायपुर की श्वेता दीवान ने टॉप किया है. दूसरी रैंक महिमा शर्मा ने हासिल की है. टॉप 10 की लिस्ट में 7 महिला उम्मीदवार हैं. जानकारी के अनुसार सिविल जज भर्ती परीक्षा टॉप करने वाली श्वेता दीवान एक नवजात की मां हैं.
श्वेता दीवान ने बताया कि यह उनका दूसरा अटेम्प्ट था. पहले प्रयास में वह मेन्स के दिन ही मां बनने वाली थीं. लेकिन परीक्षा के लिए प्री-डिलिवरी कराई. इस प्रयास में वह इंटरव्यू राउंड तक गई थीं. इंटरव्यू से बाहर होकर भी वह निराश नहीं हुईं. श्वेता बताती हैं कि मैंने उसी दिन तय कर लिया था कि दूसरे प्रयास में तो मुझे निकालना है.
अभ्यर्थियों को श्वेता की सलाह
सिविल सेवा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को श्वेता सलाह देती हैं कि आप हर चीज अपने परिवार को समझाइए और उनका सपोर्ट लीजिए. परिवार ही सबसे बड़ी शक्ति होती है. उन्होंने आगे बताया कि सफलता के लिए निरंतर प्रैक्टिस जरूरी है. साथ ही गाइडेंस और अच्छे मेंटर का भी होना जरूरी है.
पति हैं फॉरेस्ट ऑफिसर
रिपोर्ट के अनुसार, श्चेता दीवान के पति सुयश धर दीवान फॉरेस्ट ऑफिसर हैं. उन्होंने फेसबुक पोस्ट लिखकर श्वेता को सफलता के लिए बधाई दी. उन्होंने लिखा, “रैंक 1 प्राप्त करने के लिए बधाई पत्नी… आपकी यात्रा वास्तव में विस्मयकारी है! न्यायपालिका में आपकी शानदार सफलता, असाधारण समर्पण को दर्शाती है. इसके अतिरिक्त, एक शिशु के साथ तैयारी करना आपका उल्लेखनीय लचीलापन दिखाता है. तकनीकी क्षेत्र में पांच साल की इंजीनियरिंग के बाद यह सफलता आपकी अनुकूलता और दृढ़ प्रतिबद्धता पर प्रकाश डालती है. इस योग्य उपलब्धि के लिए बधाई. आपकी ताकत और दृढ़ संकल्प उज्ज्वल रूप से चमकते हैं. कानून में एक पूर्ण और सफल करियर के लिए शुभकामनाएं! तुमसे प्यार करता हूं.”



