
महाराष्ट्र में सरकार बनने से पहले अजित पवार ने बढ़ाई महायुति की टेंशन! मांगे इतने मंत्री पद
एक कहावत है- आसमान से गिरे, खजूर के पेड़ पर अटके… ये कहावत इन दिनों महाराष्ट्र में बीजेपी के लिए बिलकुल सही साबित हो रही है। पहले तो सीएम चेहर को लेकर महायुति गठबंधन की दो प्रमुख पार्टियां बीजेपी और शिवसेना (एकनाथ शिंदे) (Shiv Sena UBT) में अंदरखाने खूब खिचड़ी पकी। किसी तरह बीजेपी ने शिंदे गुट को मनाया तो अब अजित पवार ने महाराष्ट्र में सरकार बनने से पहले महायुति की टेंशन बढ़ा दी है।
जानकारी आ रही है कि अजित पवार (Ajit Pawar) अपनी पार्टी एनसीपी ( NCP) के लिए कैबिनेट में आठ पद मांग रहे हैं। इसके अलावा तीन राज्यमंत्रियों के पद भी मांग रहे हैं। इसे लेकर अजित पवार ने एनसीपी के बड़े नेता और सांसद प्रफुल्ल पटेल के साथ बैठक की। इसमें एनसीपी के अन्य नेता भी शामिल हुए।
बता दें कि कार्यवाहक सीएम एकनाथ शिंदे ने यह साफ कर दिया है कि उनकी वजह से सरकार गठन में कोई अड़चन नहीं होगी और एनडीए के शीर्ष नेता जो निर्णय करेंगे वह सबको मान्य होगा। इससे ऐसे संकेत मिल रहे हैं कि सीएम बीजेपी का ही होगा।
महाराष्ट्र कैबिनेट में 43 मंत्री बनाए जा सकते हैं। मंत्रीपद को लेकर अलग-अलग तरह की जानकारी सामने आ रही है। ऐसा कहा जा रहा है कि बीजेपी मंत्रालय में एक बड़ा हिस्सा अपने पास रख सकती है। कुछ रिपोर्ट्स बताते हैं कि राज्य में फिर से दो डिप्टी सीएम होंगे। एक-एक शिवसेना और एनसीपी से हो सकते हैं।
अमित शाह से मिलेंगे महायुति के नेता
इस बीच महायुति के तीनों नेताओं देवेंद्र फडणवीस, एकनाथ शिंदे और अजित पवार पीएम मोदी से मुलाकात करने वाले हैं। ये तीनों उनसे मिलकर जीत की बधाई देंगे। दिल्ली दौरे पर उनकी मुलाकात अमित शाह और जेपी नड्डा से भी होगी। इस बैठक में अगले सीएम के नाम पर मुहर लगेगी तो साथ ही मंत्रियों को लेकर भी चर्चा होगी।



