
नतीजों से पहले MVA में CM पर खींचतान शुरू; नाना पटोले ने कहा- कांग्रेस से होगा CM, संजय राउत बोले- It Is Impossible
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव खत्म हो चुका है। परिणाम 23 नवंबर को आएंगे। उससे पहले राज्य में सियासी हलचल अभी से तेज हो गई है। इन सबके बीच नतीजों से पहले ही महाविकास अघाड़ी में CM पर सिर फुटव्वल शुरू हो गया है। शनिवार को घोषित होने वाले नतीजों से पहले कांग्रेस और शिवसेना यूबीटी के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने राज्य में इंडिया अलांयस की सरकार आने पर, जहां कांग्रेस से सीएम होने की बात कही। वहीं शिवसेना यूबीटी नेता संजय राउत ने इसे सिरे से नकार दिया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि नई सरकार में सीएम कांग्रेस का होगा। वहीं गठबंधन के सहयोगी और शिवसेना यूबीटी सांसद संजय राउत ने पटोले के बयान पर कहा कि It Is Impossible (यह असंभव है। हम इसे नहीं मानेंगे।
नाना पटोले ने कहा, ‘महाराष्ट्र में कांग्रेस के नेतृत्व में ही अघाडी की सरकार बनेगी.राज्य में कांग्रेस के सबसे ज्यादा विधायक चुने जाएंगे। अघाडी की सरकार बनेगी। उनके इस बयान को संजय राउत ने खारिज करते हुए कहा, ‘हम नहीं मानेंगे। कोई नहीं मानेगा। हम लोग बैठकर तय करेंगे। अघाडी सरकार बाद में बैठकर तय करेगी। अगर नाना पटोले को राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, खरगे ने कहा हो कि आप सीएम बनेंगे तो उनको ऐलान करना चाहिए।
महाराष्ट्र में महायुति और MVA के बीच जंग
बता दें कि महाराष्ट्र में महायुति (भाजपा, शिंदे गुट, अजित गुट ) और महाविकास अघाड़ी (उद्धव गुट, शरद गुट और कांग्रेस) के बीच कड़ी टक्कर है। महायुति गठबंधन में भाजपा 149 सीटों पर, शिवसेना 81 सीटों पर और अजित पवार की एनसीपी 59 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। वहीं, एमवीए में कांग्रेस ने 101, शिवसेना (यूबीटी) ने 95 और शरद पवार की अगुवाई वाली एनसीपी ने 86 सीटों पर उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं. महाराष्ट्र के रण में 4,136 उम्मीदवार मैदान में थे।
महाराष्ट्र के Poll Of Polls में एनडीए को बहुमत
महाराष्ट्र की 288 सीटों पर आए MATRIZE एग्जिट पोल में एनडीए को 150 से 170 और इंडिया गठबंधन को 110 से 130 सीटों पर जीत मिलती नजर आ रही हैं, जबकि अन्य के खाते में 8 से 10 सीटें जा सकती हैं, चाणक्य Strategies के एग्जिट पोल में एनडीए को 152 से 160, इंडिया गठबंधन को 130 से 138 और अन्य को 6 से 8 सीटें मिल सकती हैं. People’s Pulse के एग्जिट पोल में 175 से 195, इंडिया गठबंधन को 85 से 112 और अन्य को 7 से 12 सीटें मिल सकती हैं. P-Marq के एग्जिट पोल में एनडीए को 137-157, इंडिया गठबंधन को 126-146 और अन्य से 2-8 सीटें मिल सकती हैं. पोल डायरी के एग्जिट पोल में एनडीए को 122 से 186, इंडिया गठबंधन को 69 से 121 और अन्य को 12 से 29 सीटें मिल सकती हैं. इस तरह पोल ऑफ पोल्स में एनडीए को 147 से 173 सीटें मिलती नजर आ रही हैं, जबकि इंडिया गठबंधन को 104 से 129 सीटें हासिल कर सकती है।



