
कांग्रेस ने उपचुनाव के लिए तीन उम्मीदवारों का किया ऐलान, वायनाड से प्रियंका गांधी लड़ेंगी चुनाव
कांग्रेस ने वायनाड लोकसभा से प्रत्याशी का ऐलान कर दिया है। कांग्रेस ने पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी को उपचुनाव के मैदान में उतारा है। इसके अलावा केरल की दो विधानसभा सीटों पर भी उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं।
दो लोकसभा सीट पर इस दिन होंगे चुनाव
आज मंगलवार को चुनाव आयोग ने दो राज्यों महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान किया। वहीं 13 राज्यों की 47 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की भी घोषणा की है। इसके साथ ही लोकसभा की दो सीटों पर उपचुनाव का ऐलान किया है। केरल की वायनाड लोकसभा सीट पर 13 नवंबर और महाराष्ट्र की नादेड़ लोकसभा सीट पर 20 नवंबर को उपचुनाव होगा।
इस्तीफे के बाद खाली हुई सीट
कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा खाली की गई वायनाड लोकसभा सीट और कांग्रेस के शफी परमबिल और माकपा के के. राधाकृष्णन द्वारा लोकसभा के लिए चुने जाने पर खाली की गई पलक्कड़ और चेलाकारा विधानसभा सीटों पर उपचुनाव 13 नवंबर को होंगे। 23 नवंबर को नतीजे आएंगे।
इन तीन सीटों पर प्रत्याशी का ऐलान
कांग्रेस ने वायनाड लोकसभा सीट से प्रियंका गांधी का चुनावी मैदान में उतारा है। जबकि केरल की पलक्कड़ विधानसभा सीट से राहुल ममकूटथिल और चेलाक्कारा विधानसभा सीट से राम्या हरिदास को टिकट दिया है। आपको बता दें कि प्रियंका गांधी पहली बार चुनाव लड़ेंगी।



