
डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस के 15 डिब्बे पटरी से उतरे; 4 यात्रियों की मौत, करीब 20 जख्मी; यूपी के गोंडा में हुआ हादसा
उत्तर प्रदेश के गोंडा में चंडीगढ़-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस ट्रेन के करीब 15 डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसा गुरुवार दोपहर 2.37 बजे हुआ, जिसमें 4 मुसाफिरों की मौत हो गई और करीब 20 घायल हैं। घटना उत्तर प्रदेश के गोंडा और झिलाही के बीच स्थित पिकौरा में हुई। रेलवे ने राहत और बचाव कार्य के लिए टीम को घटनास्थल पर रवाना किया है। हादसे के बाद की तस्वीरों में कुछ घायल और यात्री अपने सामान के साथ ट्रैक के किनारे खड़े नजर आए।
मेडिकल वैन मौके पर पहुंची, रेस्क्यू जारी
बताया जा रहा है कि ट्रेन संख्या 15904 चंडीगढ़ से असम के डिब्रूगढ़ जा रही थी। झूलाही रेलवे स्टेशन से कुछ किलोमीटर पहले 15 डिब्बों में से एसी डिब्बे के चार डिब्बे बेपटरी हो गए। रेलवे अधिकारी और बचाव दल दुर्घटना स्थल पर पहुंच चुके हैं। गोरखपुर और गोंडा से अतिरिक्त बचाव दल भी भेजे गए हैं। उत्तर पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज सिंह ने बताया कि रेलवे की मेडिकल वैन मौके पर पहुंच गई है और बचाव कार्य जारी है।
रेलवे ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
उत्तर पूर्व रेलवे ने हादसे के बाद कई हेल्पलाइन नंबर जारी किए, ताकि पीड़ितों और उनके परिवारों की मदद की जा सके। ये हेल्पलाइन नंबर तिनसुकिया, फुरकतिंग, मरियानी, सिमलगुरी, डिब्रूगढ़ और गुवाहाटी स्टेशन के लिए जारी किए गए।
- कमर्शियल कंट्रोल: 9957555984
- फुर्केटिंग (एफकेजी): 9957555966
- मारियानी (एमएक्सएन): 6001882410
- सिमलगुड़ी (एसएलजीआर): 8789543798
- तिनसुकिया (एनटीएसके): 9957555959
- डिब्रूगढ़ (DBRG): 9957555960
सीएम योगी और हिमंता ने X पोस्ट में दी जानकारी
- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिला अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे घायलों का उचित इलाज सुनिश्चित करें और राहत कार्यों में तेजी लाएं। मुख्यमंत्री कार्यालय ने X पोस्ट के जरिए यह डिटेल शेयर की है। मुख्यमंत्री ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
- असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा भी हालात पर नजर बनाए हुए हैं। उनके कार्यालय ने X पोस्ट में कहा, “मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा को उत्तर प्रदेश में डिब्रूगढ़-चंडीगढ़ एक्सप्रेस के पटरी से उतरने की जानकारी दी गई है। मुख्यमंत्री स्थिति की निगरानी कर रहे हैं और असम सरकार संबंधित अधिकारियों के संपर्क में है।”



