
शादी के 10 दिन पहले युवती ने प्रेमी के साथ मिलकर कर दी मंगेतर की हत्या, फिर जंगल में दफना दी लाश
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से सनसनीखेज मामला सामने आया है, यहां बतौली थाना क्षेत्र में शादी के 10 दिन पूर्व युवक को मिलने बुलाकर उसकी होने वाली पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर उसे मौत के घाट उतार दिया। फिर उसका शव पहाड़ीनुमा इलाके में गड्ढा खोदकर दफन कर दिया। युवक की गुमशुदगी की रिपोर्ट उसके परिजनों ने थाने में दर्ज कराई थी। इधर आत्महत्या करने युवती अपने प्रेमी के साथ रस्सी खरीदते देखी गई। शक के आधार पर पंचायत सचिव ने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने मंगेतर की हत्या कर शव दफन करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने कब्र खुदवाकर शव बरामद कर लिया है।

पुलिस ने निकलवाया शव
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घोघरा के जंगल से अमृत का शव बरामद कर लिया है। दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है। वहीं परिजनों का आरोप है कि इस वारदात में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। इस घटना ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया है। जहां शादी का जश्न मनाने की तैयारी थी। वहां अब मातम पसरा है। लोग इस प्रेमी जोड़े की कड़ी निंदा कर रहे हैं और सवाल उठा रहे हैं कि क्या प्यार के लिए कोई निर्दोष की हत्या तक कर सकता है।



