
भिलाई में एक युवक वोटर लिस्ट से नाम कट जाने पर इतना गुस्से में आ गया कि, वो सर्वे करने वाले टीचर से झगड़ा करने स्कूल पहुंच गया। उसने महिला टीचर को खुलेआम जान से मारने की धमकी दे डाली। इसके बाद उसका यह वीडियो जमकर वायरल हो रहा है।
घटना भिलाई के शास्त्री नगर कैम्प वन की है। यहां संचालित पूर्व माध्यमिक शाला में शुक्रवार को जितेंद्र यादव उर्फ जीतू शराब के नशे में पहुंचा। जमकर बवाल करने लगा। जीतू काफी नशे में था। उसने बीएलओ को धमकाना शुरू कर दिया। उसकी हरकत का पूरा वीडियो स्टाफ ने बना लिया।
अव वो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में जीतू वहां के शिक्षकों को धमका रहा है। मिडिल स्कूल की मैडम नीता ठाकुर ने जीतू को समझाने का प्रयास किया, तो उसने उन्हें जान से मारने की धमकी दे डाली। युवक ने सिर्फ शिक्षिका को ही नहीं बल्कि कैम्प क्षेत्र के पूर्व पार्षद जोहन सिन्हा को भी देख लेने की धमकी दी है।
बीएलओ ने गलत सर्वे कर काटा
जानकारी के मुताबिक, जीतू का नाम तीन चार महीने पहले मतदाता सूची से कट चुका है। अब वो आरोप लगा रहा है कि उसका नाम बीएलओ ने गलत सर्वे कर काटा है। जबकि निर्वाचन कार्य में लगी शिक्षिका नीता ठाकुर का कहना है कि, पिता की मौत के बाद युवक का घर बिक चुका है। अब वो नेहरू नगर में रहता है।
लगातार लंबे समय से कैंप क्षेत्र में नहीं रहने से उसका नाम मतदाता सूची के सर्वे में नहीं आया और कट गया है। उन्होंने जीतू का समझाने का प्रयास भी किया तो उसने खुले रूप से धमकी दिया कि, वो उन्हें जान से मार देगा।
निर्वाचन कार्य में लगी बीएलओ डरी
जिस तरह से जीतू यादव ने स्कूल के अंदर घुसकर निर्वाचन कार्य में लगी बीएलओ नीता ठाकुर को जान से मारने की धमकी दी, उससे वो काफी डरी हुई हैं। नीता ठाकुर ने एसडीएम और पुलिस प्रशासन से शिकायत आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।


