
रायपुर। पुराने साल की विदाई के साथ नए साल का स्वागत करने लोगों ने पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष शराब के साथ चिकन चट करने ज्यादा खर्च किए। 31 दिसंबर को रायपुर जिले में 10 करोड़ रुपए से ज्यादा की आय हुई है। इनमें सबसे ज्यादा विदेशी मदिरा की बिक्री हुई है। इसके साथ ही दो दिन में लोगों ने तीन करोड़ रुपए से ज्यादा कीमत का दो लाख किलो चिकन खा गए। पोल्ट्री एक्सपर्ट डॉ. मनोज शुक्ला के अनुसार साल का आखिरी दिन मंगलवार था। इस वजह से मंगलवार की जगह बुधवार को चिकन की बिक्री ज्यादा हुई है।
वर्ष 2023 में साल के अंतिम दिन आठ करोड़ रुपए के करीब शराब की बिक्री हुई थी। इस लिहाज से वर्ष 2024 के आखिरी दिन 15 से 20 प्रतिशत शराब की ज्यादा बिक्री हुई है। शराब में ज्यादा कमाई होने की एक वजह कीमतें बढ़ना है। शराब की कीमत ज्यादा होने की वजह से आबकारी विभाग को अतिरिक्त राजस्व की प्राप्ति हुई है।
दूसरे दिन जमकर काटी गई मुर्गियां
पोल्ट्री फार्म संचालक के मुताबिक, दो दिन में पूरे प्रदेश में छह लाख किलो चिकन की बिक्री हुई है। उनमें 30 प्रतिशत अकेले रायपुर जिले में चिकन की बिक्री हुई है। चिकन से पोल्ट्री व्यवसाय को साढ़े तीन करोड़ रुपए मिले। पोल्ट्री फार्म संचालक के मुताबिक पिछले वर्ष की तुलना में इस साल ज्यादा चिकन की बिक्री हुई है। बुधवार को ज्यादातर चिकन दुकानों में ग्राहकों की चिकन लेने लाइन लगी रही।



