
महानदी में बाढ़ का कहर : ट्री ऑफ लाइफ रिसोर्ट से 24 लोगों का SDRF ने किया रेस्क्यू, नदी किनारे गांवों में घुसा पानी
बलौदाबाजार। जिले में लगातार हो रही बारिश और गंगरेल बांध से पानी छोड़े जाने के बाद महानदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। बढ़ते जलस्तर के कारण कसडोल विकासखंड के बल्दा कछार क्षेत्र स्थित ‘द ट्री ऑफ लाइफ मचान’ निजी रिसोर्ट चारों ओर से बाढ़ के पानी से घिर गया। रिसोर्ट में मौजूद पर्यटक, कर्मचारी और ग्रामीण फंस गए, जिसके बाद जिला प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
मिली जानकारी के अनुसार, रिसोर्ट में 4 छोटे बच्चों, महिलाओं, वयस्क पुरुषों, कर्मचारियों और ग्रामीणों सहित कुल 24 लोग बाढ़ के बीच फंस गए थे। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने नगर सेना और एसडीआरएफ (SDRF) की बाढ़ बचाव टीम को मौके पर रवाना किया।
चुनौतीपूर्ण हालात में सफल रेस्क्यू
एसडीआरएफ और नगर सेना की टीम ने तेज बहाव और कठिन परिस्थितियों के बीच रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी 24 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सभी को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई और बचाव दल की मुस्तैदी से एक बड़ा हादसा टल गया।
नदी किनारे गांवों में घुसा बाढ़ का पानी
महानदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से बलौदाबाजार जिले के नदी किनारे बसे कई गांवों में भी पानी घुसने लगा है। निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं, जिससे लोगों की चिंता बढ़ गई है। कई स्थानों पर आवागमन भी प्रभावित होने की सूचना है।
गंगरेल बांध से पानी छोड़े जाने के बाद बिगड़े हालात
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गंगरेल बांध से पानी छोड़े जाने के बाद महानदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा, जिसके चलते यह स्थिति बनी। जिला प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और संवेदनशील क्षेत्रों में राहत एवं बचाव दल तैनात किए गए हैं।
प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे नदी-नालों और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जाने से बचें, उफनते पुलों और जलभराव वाले रास्तों को पार करने का प्रयास न करें तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन से संपर्क करें। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए लोगों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की भी अपील की गई है।



