
दो अलग-अलग घटनाओं से फैली सनसनी, घर में सो रहे युवक की हत्या, इधर झाड़ियों में मिली अधजली लाश
दंतेवाड़ा/बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में एक ही दिन दो जिलों से सनसनीखेज घटनाएं सामने आई हैं। दंतेवाड़ा में जहां सोते समय एक युवक की हत्या कर दी गई, वहीं बिलासपुर में झाड़ियों के बीच अधजली लाश मिलने से इलाके में दहशत फैल गई है। दोनों मामलों में पुलिस पंचनामा कार्रवाई कर जांच में जुट गई है।
दंतेवाड़ा जिले के बचेली थाना क्षेत्र के बहनार गांव में देर रात एक खौफनाक वारदात हुई। गांव में रहने वाले राजू कर्मा की उस समय हत्या कर दी गई, जब वह अपने घर के आंगन में सो रहा था। अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से उस पर हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सुबह जब परिजनों ने खून से लथपथ शव देखा तो गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर बचेली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस हमलावर की तलाश में जुटी हुई है।

अधजली लाश मिलने से हड़कंप
वहीं दूसरी घटना बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र की है। खूंटाघाट बांध के पास झाड़ियों में एक महिला की अधजली लाश साड़ी में लिपटी हुई मिली है। लाश को देखकर आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या कर शव को जलाकर ठिकाने लगाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।




