
‘PM मोदी खुद इतने बड़े एक्टर हैं तो उनकी टीम…’, संसद में हुई धक्का-मुक्की पर बोले संजय राउत
संसद परिसर में हुई धक्का-मुक्की घटना पर शिवसेना यूबीटी सांसद संजय राउत का बड़ा बयान सामने आया है. राहुल गांधी पर केस और मुंबई कांग्रेस ऑफिस पर हमले को लेकर चिंता जाहिर की है. सांसद राउत ने संसद परिसर की घटना को लेकर पीएम मोदी और बीजेपी पर तंज कसा है. संजय राउत ने कहा, “मेरे सामने राहुल गांधी पार्लियामेंट के अंदर चले गए थे. उस वक्त सांसदों की बेस्ट परफॉर्मिंग एक्टिंग हम लोगों ने देखी. ऐसी एक्टिंग जिंदगी में कभी नहीं देखी थी.” इतना ही नहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए शिवसेना यूबीटी सांसद ने कहा, “पीएम मोदी खुद इतने बड़े एक्टर हैं तो उनकी टीम भी वैसी ही होगी ना.”
उन्होंने कहा कि मुंबई में कांग्रेस कार्यालय पर हुआ हमला संसद में हुए कथित हमले से ज्यादा गंभीर है. मुंबई में कांग्रेस कार्यालय पर हुए हमले को लेकर चिंता व्यक्त की है. उन्होंने कहा कि बीजेपी के लोगों ने मुंबई में कांग्रेस ऑफिस पर हमला किया. अगर राहुल गांधी पर दर्ज हुए केस और इस केस की तुलना की जाए तो मुंबई वाला मामला ज्यादा सीरियस है.
राहुल गांधी पर हुए FIR पर बोले राउत
संसद परिसर में सांसदों के बीच हुई धक्का-मुक्की की घटना पर राहुल गांधी पर बीजेपी द्वारा कराए गए FIR पर संजय राउत ने नाराजगी जाहिर की है. उन्होंने कहा, “संसद के लीडर ऑफ अपोजिशन के खिलाफ किस प्रकार के केस दर्ज कराए जा रहे हैं, आप खुद देखिए. खैर जाने दो, राहुल गांधी डरने वाले आदमी नहीं हैं. हम सब उनके साथ खड़े हैं.”



