
बिलासपुर में हिंदू नववर्ष की धूम, भववामय हुआ शहर
जय श्रीराम के लगे जयकारे; झांकी के साथ आतिशबाजी, लोगों ने बरसाए फूल
नवरात्र पर्व के पहले दिन मंगलवार को शक्ति की भक्ति के साथ ही हिंदू नववर्ष की बिलासपुर में धूम मची रही और पूरा शहर राममय हो गया। शहर भगवा रंग से छा गया है। पुलिस ग्राउंड से निकली शोभायात्रा में भगवाधारी महिलाएं रामधुन पर थिरकती रहीं।
वहीं युवक जय श्रीराम के जयकारे लगाते रहे। शहर के हर गली-और चौक चौराहों पर केसरिया झंडे, तोरण से मााहौल भक्तिमय हो गया। आकर्षक झांकियों में भगवान श्रीराम आगे-आगे चलते रहे। वहीं उनके भक्त हनुमान भी इस नजारे को देखकर श्रीराम की भक्ति में झूमते नजर आए। शोभायात्रा का जगह-जगह स्वागत हुआ और शहरवासी उमंग और उत्साह में सराबोर दिखे।

हिंदू नववर्ष को पर्व के रूप में मनाने के लिए हिंदूवादी संगठनों के साथ ही शहर के विभिन्न सामाजिक संगठन बीते एक पखवाड़े से तैयारी में जुटे हुए थे। एक दिन पहले सोमवार की शाम चेट्रीचंट पर शोभायात्रा निकालकर झूलेलाल की जयंती मनाई। इस पर्व के लिए जगह-जगह स्वागत द्वार भगवा झंडे लगाए गए। मंगलवार सुबह से ही गली-मोहल्लों में डीजे में रामधुन और देवी जसगीत सुनाई दे रहे थे।

सुबह से ही शक्ति की भक्ति में डूबे नजर आए भक्त
सोमवार शाम से ही शहर भगवामय हो गया है। मंगलवार की सुबह लोगों की नींद खुली और घर के बाहर देखा तब उनकी गली-मोहल्लों में भगवा ध्वज लहराते नजर आया। हर घर में देवी आराधना होती रही। वहीं, देवी मंदिरों में घटस्थापना के दौरान लोग पूजा पाठ में लीन रहे। वहीं, दोपहर चिलचिलाती धूप में दो बजे से ही शहर के लोग बाजे-गाजे के साथ हाथ में भगवा ध्वज लहराते जय श्रीराम के नारे लगाते पुलिस ग्राउंड के लिए निकल पड़े।

हर मोहल्ले से डीजे लेकर पहुंचे पदाधिकारी और कार्यकर्ता
पुलिस ग्राउंड में शाम 4.30 बजे जब शाोभायात्रा शुरू हुई, तब वहां शहर के हर मोहल्ले से पदाधिकारी और कार्यकर्ता डीजे और भजन-कीर्तन मंडली के साथ ढोल-तासे लेकर पहुंचे थे। पुलिस ग्राउंड में भी चारों तरफ भगवाधारी और ध्वज नजर आ रहे थे। शोभायात्रा में भगवान श्रीराम की आकर्षक झांकी के साथ ही रामभक्त हनुमान भी नजर आ रहे थे। ऐसा लग रहा था कि पूरा शहर उत्सव मनाते नजर आ रहा है। पुलिस ग्राउंड से शोभायात्रा सत्यम चौक, पुराना बस स्टैंड होते हुए शहर के प्रमुख चौक-चौराहों में निकली। तब शहर के हर चौक-चौराहे भक्तिमय माहौल से सराबोर हो गया।

झांकी के आगे-आगे लगाते रहे झाड़ू, झूमते नजर हनुमान जी
शोभायात्रा में भगवान राम के साथ रामभक्त हनुमान की झांकी भी निकली। झांकी में हनुमानजी पैदल चल रहे थे। इस माहौल को देखकर रामभक्त हनुमान भी भक्ति में झूमते नजर आ रहे थे। झांकी के आगे-आगे युवाओं की टीम सड़क पर झाड़ू लगाते जा रहे थे। इसके आगे युवाओं की एक और टीम पानी की सिंचाई भी कर रहे थे। यात्रा में क्रेन को तोरण पताका के अलावा बड़े-बड़े फ्लैक्स और बैनर से सजाया गया था जो आकर्षक का केंद्र बना रहा।

समाज प्रमुखों का होगा सम्मान
शोभा यात्रा के समापन के पश्चात हिंदू नववर्ष आयोजन समिति की ओर से समाज प्रमुखों का श्रीफल साल के साथ सम्मान भी किया जाएगा। यह सम्मान पुरोहित करेंगे। तिलक नगर हनुमान मंदिर समापन स्थल पर प्रभु श्रीराम के चित्रों का वर्णन भी किया जाएगा। राजा विक्रम आदित्य जिनके नाम से विक्रम संवत मनाया जाता है उनका भी परिचय बिलासपुर की जनता को कराया जाएगा। हिंदू नववर्ष आयोजन समिति ने अधिक से अधिक संख्या में नगरवासियों को सम्मिलित होने की अपील भी की है।



