
सर्दी ने तोड़ा 57 साल का रिकार्ड, सरगुजा के मैनपाट में पारा 5 डिग्री तक पहुंचा
सरगुजा: दीपावली के बाद सर्दी का सितम पूरे छत्तीसगढ़ में शुरू हो गया है. नवंबर के पहले हफ्ते से ही पारा तेजी से नीचे जा रहा है. नवंबर के दूसरे हफ्ते में ही पारे ने नया रिकार्ड बना दिया है. सर्दी ने पिछले 57 सालों का रिकार्ड तोड़ दिया. नवंबर के महीने में कभी भी पारा इतने नीचे नहीं गया है. नवंबर के दूसरे हफ्ते में ही अंबिकापुर का तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. जिले के मैनपाट और सामरी पाठ में तो तापमान नवंबर के महीने में ही 5 डिग्री तक पहुंच चुका है. आने वाले दिनों में पारा और नीचे जाने की संभावना है. सर्द हवाओं के चलते मौसम विभाग ने लोगों को अलर्ट किया है.
सर्दी ने तोड़ा 57 साल का रिकार्ड: सरगुजा के मैनपाट को छत्तीसगढ़ का शिमला भी कहा जाता है. सर्दियों के मौसम में मैनपाट का पारा काफी नीचे चला जाता है. मैनपाट के लोग कहते हैं कि गर्मी के मौसम में यहां लोग हिल स्टेशन की तरह घूमने आते हैं. प्राकृतिक क्षेत्र होने के चलते मैनपाट पहाड़ों और जंगलों से सटा इलाका है. इस वजह से यहां सर्दियों के मौसम में पारा अक्सर 2 से 3 डिग्री तक चला जाता है. कई बार तो यहां ओस भी जम जाता है.



