
वक्फ बिल को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती: बिहार के कांग्रेस सांसद मोहम्मद जावेद ने दायर की याचिका
वक्फ संशोधन बिल को लेकर इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है। वक्फ संशोधन बिल को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई है। बिहार के कांग्रेस सांसद मोहम्मद जावेद देश के शीर्ष न्यायालय में बिल के खिलाफ याचिका दायर की है। मोहम्मद जावेद बिहार के किशनगंज से कांग्रेस सांसद हैं। मोहम्मद जावेद वक्फ को लेकर बनीं जेपीसी के सदस्य भी रहे हैं।
याचिका में कहा गया है कि ये बिल मुसलमानों के अधिकारों के साथ भेदभाव करने वाला है। इसके साथ ही ये संशोधन विधेयक संविधान के अनुच्छेद 19 के तहत समानता के अधिकार, अनुच्छेद 25 और 26 के तहत धर्म और धार्मिक गतिविधियों के पालन और प्रबंधन का अधिकार, अनुच्छेद 29 में दिए गए अल्पसंख्यकों के अधिकारों की सुरक्षा का हनन करता है। फिलहाल सुप्रीम कोर्ट ने याचिका स्वीकार किया है या नहीं, अबतक इस पर जानकारी सामने नहीं आई है।
3 अप्रैल को राज्यसभा से हुआ था पास
बता दें कि वक्फ संशोधन बिल संसद के दोनों सदनों लोकसभा और राज्यसभा से पास हो गया है। वक्फ बिल राज्यसभा में गुरुवार (3 अप्रैल) देर रात पास हुआ। राज्यसभा में बिल के पक्ष में 128 और विपक्ष में 95 वोट पड़े। राज्यसभा में बिल पर 14 घंटे से ज्यादा चर्चा के बाद देर रात 2.32 बजे राज्यसभा से वक्फ विधेयक पारित हो गया।
2 अप्रैल को लोकसभा से हुआ था पास
वहीं इससे पहले लोकसभा में बुधवार (2 अप्रैल) को वक्फ बिल पेश किया गया था. जिसपर करीब 12 घंटे से ज्यादा चर्चा हुई और देर रात बिल को पारित कर दिया गया था। लोकसभा में बिल के पक्ष में कुल 288 वोट और विरोध में 232 वोट पड़े थे। वहीं, राज्यसभा में बिल को 128 सांसदों का समर्थन मिला जबकि 95 बिल के खिलाफ डाले गए थे।



