
भाजपा में शामिल होने वाले कांग्रेस नेताओं पर BJP विधायक ने कसा तंज, इशारों-इशारों में कह दी बड़ी बात
जबलपुर। लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के कई बड़े नेताओं ने अपना दल छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया। पूरे चुनाव में प्रदेश में फेरबदल का दौर देखने को मिला। वहीं अब चुनाव बीतने के बाद अब उन नेताओं पर तंज कसने का सिलसिला शुरू हो गया है। पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक अजय विश्नोई ने ट्वीट कर बिना नाम लिए ही तंज कसा है। उन्होंने लिखा कि ऐसे ही नेताओं के आने की वजह से बीजेपी के वोट घटे हैं।
अजय विश्नोई ने अपनी पोस्ट पर भले ही किसी का नाम ना लिखा हो, पर उनका इशारा कांग्रेस से भाजपा में आए पूर्व विधायक नीलेश अवस्थी की तरफ था। विधानसभा चुनाव में अजय विश्नोई से करीब 30 हजार वोट से मिली हार के बाद नीलेश अवस्थी ने लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा का दामन थाम लिया था। उस दौरान भी पूर्व मंत्री ने इसका विरोध किया था। उस दौरान एक्स पर पोस्ट करते हुए अजय विश्नोई ने लिखा था कि ‘पूर्व विधायक भाई नीलेश अवस्थी का बीजेपी में स्वागत है। बीजेपी में शामिल होने वालों का स्वागत करना हमारी मजबूरी है।”




