
दुर्ग जिले के भिलाई तीन क्षेत्र में बीती रात एक दर्दनाक हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक भिलाई से अपने ससुराल जा रहा था, तभी तेज बारिश के चलते सामने खड़े ट्रक को देख नहीं पाया। उसके पीछे तेज रफ्तार में टकरा गया। पुरानी भिलाई पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुरानी भिलाई पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान मोतीलाल बघेल (35 साल) निवासी रायपुर के रूप में हुई है। नेहरू नगर बाम्बे आवास में उसका ससुराल है। वो क्रेन ऑपरेटर था।
भिलाई तीन पहुंचते पहुंचते अचानक मौसम बिगड़ गया और मूसलाधार बारिश होने लगी। बारिश के चलते रास्ता दिख नहीं रहा था। इसलिए मोतीलाल ने अपना हेलमेट निकाल दिया था। हेलमेट न पहने होने से उसके सिर में गहरी चोट आई, जिससे उसकी मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि हाइवे पर एक खराब ट्रक बीचो-बीच सड़क पर खड़ा था। इसी ट्रक के पीछे बाइक सवार जा घुसा। बाद में सूचना पाकर पुरानी भिलाई पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेला स्थित मॉर्च्यूरी में भिजवाया।

सूचना मिलते ही परिजन भी रात में अस्पताल पहुंच गए। उसके दो बच्चे एक बेटा और एक बेटी है। मंगलवार को शव का पोस्टमॉर्टम किया गया और शव परिजनों के हवाले किया गया। अगर ट्रक चालक लापरवाही नहीं करता है और गाड़ी की बीच सड़क से हटाकर किनारे खड़ा करता तो यह दुर्घटना नहीं होती। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



