
बड़ी खबरः समर्थन के बदले TDP ने BJP से लोकसभा अध्यक्ष समेत सड़क-स्वास्थ्य, शिक्षा और…?
लोकसभा चुनाव-2024 का परिणाम आ चुका है। केंद्र की सत्ता में इस बार जनता ने किसी को स्पष्ट बहुमत नहीं दिया है। BJP 240 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनी है, लेकिन बहुमत का आंकड़ा 272 है। भाजपा के नेतृत्व वाला राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन 292 सीटों के साथ बहुमत हासिल करने में सफल रहा है। TDP भी एनडीए का हिस्सा है और उसने लोकसभा चुनाव में 16 सीटें जीती हैं। इस तरह केंद्र में बीजेपी के नेतृत्व वाली अगली सरकार बनाने में चंद्रबाबू नायडू की भूमिका काफी महत्वपूर्ण हो जाती है। वहीं टीडीपी पर इंडिया अलायंस भी डोरे डाल रही है और कांग्रेस टीडीपी अध्यक्ष चंद्रबाबू नायडू के लगातार संपर्क में हैं।
वहीं सूत्रों से पता चला है कि टीडीपी से समर्थन के बदले में बीजेपी को महंगी कीमत चुकानी पड़ सकती है। टीडीपी समर्थन के एवज में बीजेपी से 5-6 मंत्रालय मांग सकती है।
सूत्रों के मुताबिक टीडीपी लोकसभा अध्यक्ष पद समेत सड़क एवं परिवहन मंत्रालय, स्वास्थ्य मंत्रालय, शिक्षा मंत्रालय और राज्य वित्त मंत्रालय मांग सकती है। सूत्रों से पता चला है कि टीडीपी और बीजेपी के बीच इसके लिए बातचीत भी शुरू हो गई है।
एनडीए की बैठक में हो सकती है चर्चा
बता दें कि आज एनडीए के घटल दलों की दिल्ली में बैठक होने वाली है। इसमें टीडीपी अध्यक्ष चंद्रबाबू नायडू और बिहार सीएम और जदयू मुखिया नीतीश कुमार को शामिल होना है। बैठक में शामिल होने के लिए दोनों नेता दिल्ली पहुंच भी गए हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक बैठक में मंत्रालय देने को लेकर चर्चा हो सकती है।
ये डिमांड कर सकती है TDP
- लोकसभा स्पीकर का पद
- सड़क-परिवहन
- ग्रामीण विकास
- स्वास्थ्य
- आवास एवं शहरी मामले
- कृषि
- जल शक्ति
- सूचना एवं प्रसारण
- शिक्षा
- वित्त



