
‘ऐ सिपाही गाना बजाएंगे उसपे तुमको ठुमका लगाना है, नहीं लगाओगे तो सस्पेंड कर दिए जाओगे’ – तेज प्रताप यादव
पटना : आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव अपने अंदाज के लिए हमेशा सुर्खियों में बने रहते हैं. आज होली के अवसर पर तेज प्रताप यादव अपने समर्थकों के साथ होली खेल रहे थे. ऐसे में तेज प्रताप यादव का एक वीडियो वायरल सामने आया है, जिसमें वह पुलिसकर्मी को होली के गीत पर डांस करने का आदेश दे रहे हैं. साहब का आदेश था तो आखिर क्या करता, पुलिस का जवान ठुमका लगाने लगा.
तेज प्रताप के सामने पुलिस का डांस
दरअसल, आज होली का त्यौहार है और तेज प्रताप यादव के सरकारी आवास 26 एम स्टैंड रोड पर होली मिलन का आयोजन किया गया था. तेज प्रताप समर्थकों के साथ अपने अंदाज में कुर्ताफाड़ होली खेलते नजर आए. इसी दौरान उनकी नजर बिहार पुलिस के जवान पर गई. तेज प्रताप ने उन्हें होली के गीत पर नाचने का आदेश दिया.
सस्पेंड होने की दी धमकी
तेज प्रताप यादव का जो वीडियो सामने आया है, उसमें वह दीपक नाम के पुलिसकर्मी को होली के गीत पर नाचने का आदेश दे रहे हैं. इसके साथ ही तेज प्रताप यादव उनको यह कह रहे हैं कि यदि नहीं नाचोगे तो सस्पेंड कर दिए जाओगे. बुरा ना मानो होली है.
तेज प्रताप के गाने पर ठुमके
जो वीडियो है उसमें तेज प्रताप यादव ‘बाबा हरिहरनाथ सोनपुर में होली खेले’ गाना गा रहे हैं और उन्हीं के गाने पर पुलिसकर्मी दीपक ठुमके लगाते नजर आ रहे हैं. इसपर अब राजनीति भी शुरू हो गई है.



