
बस्तर जिले में जमीन विवाद के चलते 2 परिवार में खूनी संघर्ष हुआ है। एक परिवार के लोगों ने दूसरे परिवार के 2 सगे भाइयों को कुल्हाड़ी से काट डाला है। मौके पर ही दोनों की मौत हो गई है। SP समेत पुलिस के भारी संख्या में जवान घटना स्थल पर पहुंच गए हैं। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, घटना इरिकपाल की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस गांव के रहने वाले युवक योगेश के परिवार का गांव के ही एक दूसरे परिवार के साथ पिछले कई सालों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। दोनों परिवारों के बीच आए दिन मारपीट लड़ाई-झगड़ा हुआ करता था। वहीं आज मंगलवार 11 जून को भी दोनों पक्षों के बीच फिर से विवाद हो गया।
परिवार पर किया हमला
दूसरे पक्ष के लोग योगेश के घर पहुंच गए। विवाद इतना बढ़ गया कि घरवालों पर हमला कर दिया। वहीं दूसरे पक्ष के कुछ लोगों ने योगेश समेत उसके एक भाई को कुल्हाड़ी से काट डाला। जिससे मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। अब इस घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बन गया है। इस मामले की जानकारी जब पुलिस को मिली तो एसपी शलभ सिन्हा समेत अन्य जवान और अफसर घटना स्थल पहुंचे।
एक गिरफ्तार
गांव में और बवाल न हो इसलिए जवानों को गांव में तैनात किया गया है। बस्तर एसपी शलभ सिंह ने दैनिक भास्कर से बातचीत में बताया कि जमीन विवाद को लेकर दोनों परिवारों के बीच बवाल हुआ है। दो लोगों की हत्या हुई है। कुल्हाड़ी समेत एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य 5 से 6 लोगों की पहचान कर ली गई है। जल्द ही उन्हें भी पकड़ा जाएगा। मामले की जांच जारी है।



