
I.N.D.I.A ब्लॉक की बैठक : सरकार बनाएंगे या विपक्ष में बैठेंगे, होगा फैसला
लोकसभा चुनाव में कांग्रेस शतक लगाने से एक नंबर चूक गई। उसकी 99 सीटें और INDI गठबंधन की 234 सीटें आई हैं। नतीजे घोषित होने के बाद आज, 5 जून को आगे की रणनीति तय करने के लिए दिल्ली में गठबंधन साथियों की मीटिंग होगी। मीटिंग में तय किया जाएगा कि गठबंधन विपक्ष में बैठेगा या सरकार बनाने की कवायद करेगा। यह मीटिंग कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के घर पर होगी।
इस मीटिंग के अलावा एक मीटिंग कांग्रेस पार्टी की भी होगी। इसमें यह तय होगा कि गठबंधन के नेताओं के साथ होने वाली मीटिंग में क्या रुख अपनाना है। राहुल गांधी ने कांग्रेस के सभी जीते सांसदों को दिल्ली बुलाया है।
नतीजे आने पर क्या बोले थे खड़गे और राहुल?
कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने मंगलवार, 4 जून को नतीजे आने के बाद दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। खड़गे ने कहा था कि हम आगे की रणनीति मीटिंग के बाद ही बताएंगे। अगर पूरी स्ट्रैटजी अभी बता दी, तो मोदी जी होशियार हो जाएंगे। वहीं, सांसद राहुल गांधी ने भी सरकार बनाने के सवालों पर रहस्यमयी जवाब दिया था। वायनाड और रायबरेली, दोनों सीटों से जीते राहुल गांधी ने कहा था कि विपक्ष में बैठने या सरकार बनाने का फैसला मीटिंग में ही होगा।
पार्टनर्स खोज रहा INDI गठबंधन
लोकसभा चुनाव के नतीजों में भाजपा को 240 तो NDA गठबंधन को 292 सीटें मिली हैं। जबकि INDI गठबंधन को कुल 234 सीटें मिली हैं। सरकार बनाने के लिए गठबंधन को 272 सांसदों का समर्थन चाहिए। ऐसे में बहुमत के लिए उसे मौजूदा सीट शेयरिंग से बाहर भी पार्टनर खोजने होंगे। पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी की TMC के 29 सांसदों के अलावा TDP और JDU के समर्थन की भी गठबंधन को जरूरत होगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन पार्टियों को गठबंधन में शामिल करना है या नहीं, इस पर भी आज मीटिंग में चर्चा होगी।
इमरान प्रतापगढ़ी ने दी अटकलों को हवा
इमरान प्रतापगढ़ी ने मंगलवार को नतीजों को लेकर कहा कि सरकार INDI गठबंधन की बनेगी। नए सहयोगी खोजे जाएंगे। कुनबा बढ़ाया जाएगा। उनके इस बयान से जोड़ तोड़ होने की अटकलें शुरू हो गईं।



