
महतारी वंदन योजना का पैसा खाते में आया, अमित शाह ने किया 606 करोड़ ट्रांसफर
बस्तर: ऐतिहासिक बस्तर दशहरा के आयोजन में शामिल होने पहुंचे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने जनता को बड़ी सौगात दी. स्वदेशी मेले के मंच से अमित शाह ने 606 करोड़ से ज्यादा की राशि महतारी वंदन योजन के हितग्राहियों के खाते में ट्रांसफर की. सिंगल क्लिक से ये राशि हितग्राहियों के खाते में पहुंची. हितग्राहियों को जैसे ही पता चला कि उनकी 20वीं किश्त उनके खाते में आ गई है उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा. दशहरा के त्योहार के बाद अब दीपावली का त्योहार आने वाला है. ऐसे में महतारी वंदन योजना की किश्त आने से हितग्राही काफी खुश हैं.
महतारी वंदन योजना की 20वीं किश्त जारी: अमित शाह के बस्तर दौरे को देखते हुए विष्णु देव साय सरकार ने पूर्व में एक फैसला लिया था. फैसले के मुताबिक यह तय किया गया था कि शाह के हाथों से ही महतारी वंदन योजना की 20 किश्त जारी होगी. कल जब केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंचे तो राज्य शासन के अधिकारियों ने राशि हितग्राहियों के खाते में जारी करने की तैयारी पूरी कर ली.



