
माइक्रोसॉफ्ट के सर्वर में तकनीकी खराबी का असर रायपुर के एयरपोर्ट पर भी पड़ा है। शुक्रवार को रायपुर से दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, हैदराबाद और बेंगलुरु जाने वाली 6 फ्लाइट रद्द कर दी गई है। सर्वर में समस्या की वजह से दुनियाभर में एयरलाइंस, टीवी टेलीकास्ट, बैंकिंग और कई कॉर्पोरेट कंपनियों के कामकाज पर असर पड़ा है।
बता दें कि इसी समस्या की वजह से मंत्री ओपी चौधरी भी दिल्ली से रायपुर नहीं पहुंच पाए, उन्हें रायपुर कैबिनेट बैठक में शामिल होना था। भारत समेत दुनियाभर में एयरपोर्ट पर चेक इन और टिकट बुकिंग में दिक्कत आ रही है। इससे फ्लाइट्स या तो लेट है या कैंसिल की जा रही है।
रायपुर से कैंसिल हुई ये फ्लाइट-
- कोलकाता-रायपुर-कोलकाता (6E 7215/6E 7216)
- हैदराबाद-रायपुर-हैदराबाद (6E 7248/6E 7249)
- मुंबई-रायपुर-मुंबई (6E 2371/6E 5049)
- बेंगलुरु-रायपुर-बेंगलुरु (6E 978/6E 979)
- दिल्ली-रायपुर-दिल्ली (6E 2094/6E 5347)
- कोलकाता-रायपुर-कोलकाता (6E 417/6E 801)

मैन्युअली प्रोसेस के कारण हो रही देरी
रायपुर एयरपोर्ट निदेशक एस डी शर्मा ने बताया कि सर्वर में तकनीकी खराबी का असर पूरे देश के साथ-साथ रायपुर एयरपोर्ट पर भी देखने को मिल रहा है। क्योंकि अभी प्रोसेस मैन्युअली हो रहा है तो काम में थोड़ी देर हो रही है। उम्मीद है कि जल्द ही तकनीकी समस्या दूर होगी और फिर से सेवाएं बहाल हो जाएगी।
वायरस अटैक की चर्चा
हैदराबाद और बेंगलुरु में ज्यादातर कॉर्पोरेट कंपनीस में वायरस अटैक की बात कही जा रही है। सिस्टम ब्लू स्क्रीन में आने के बाद रीस्टार्ट हो रहे हैं। हैदराबाद में कई कंपनियों ने अपने कर्मचारियों को अगले 2 घंटे तक सिस्टम ऑफ करने को कहा है।

क्राउडस्ट्राइक के अपडेट के कारण माइक्रोसॉफ्ट की सर्विस हुई ठप
दुनिया भर में माइक्रोसॉफ्ट विंडोज के कुछ यूजर्स को अपने लैपटॉप पर नीली स्क्रीन दिखाई दे रही है। इससे उनके सिस्टम ऑटोमैटिकली रीस्टार्ट या शटडाउन हो रहे हैं। डेल टेक्नोलॉजीज ने कहा कि यह समस्या हालिया क्राउडस्ट्राइक अपडेट के कारण हुई है। क्राउडस्ट्राइक एक साइबर सिक्योरिटी प्लेटफॉर्म है जो यूजर्स को सिक्योरिटी सॉल्यूशन देता है।
माइक्रोसॉफ्ट ने कहा- टीम समस्या को सुलझाने में लगी
क्राउडस्ट्राइक के अपडेट के कारण ही माइक्रोसॉफ्ट के एज्योर क्लाउड और माइक्रोसॉफ्ट 365 सर्विसेज में परेशानी आई है। माइक्रोसॉफ्ट ने कहा, ‘हमें समस्या की जानकारी है और हमने कई टीमों को इसे सुलझाने में लगाया है। हमने इसके कारण का पता लगा लिया है।’ इससे वहीं यूजर प्रभावित हुए हैं जो माइक्रोसॉफ्ट एज्योर का इस्तेमाल करते हैं।



