
16वीं मंज़िल से नीचे गिरा 4 साल का बच्चा, भागकर जान बचाने आए लोग, तो साक्षात देखा ‘चमत्कार’!
कहा जाता है कि जिसे भगवान खुद इस दुनिया में रखना चाहते हैं, उसे कोई भी मार नहीं सकता है. इसी तरह जिसे मरना ही होगा, उसे कोई बचा नहीं सकता है. हम ऐसा इसलिए कह रहे हैं क्योंकि मरने वाले छत से गिरकर भी मर जाते हैं और अगर किसी को बचना होता है, तो 16वीं मंजिल से गिरकर भी उसका कुछ नहीं बिगड़ता.
फ्रांस में एक ऐसी ही अजीबोगरीब घटना सामने आई है. आमतौर पर जिस ऊंचाई से गिरने के बाद इंसान के बचने का चांस बिल्कुल खत्म हो जाता है, उस ऊंचाई गिरकर भी एक बच्चा लोगों को जिस हालत में मिला, उसे देखकर वे अपनी ही आंखें मलने लगे. उन्हें उम्मीद थी कि वो बच्चे को बेहद गंभीर हालत में अस्पताल ले जाएंगे लेकिन वो तो मस्त टहलता हुआ उन्हें मिला.
16वीं मंज़िल से गिरा बच्चा
ऑडिटी सेंट्रल वेबसाइट के मुताबिक बच्चा फ्रांस के औबरविलियर्स का रहने वाला है और उसका नाम एंज़ो है. घटना 26 मई को हुई, जहां 4 साल एंज़ो अपने कमरे में रो रहा था. जब उसके पिता उसे देखने गए तो पता चला कि दरवाज़ा अंदर से लॉक हो चुका था. किसी तरह पिता ने दरवाज़ा तोड़ा और अंदर घुसे, लेकिन तब तक बच्चा कमरे में नहीं था और खिड़की खुली हुई थी. चूंकि वे 16वीं मंज़िल पर रहते हैं, ऐसे में पिता का दिल दहल गया. उन्होंने ऊपर से ही देखा कि बच्चा नीचे धूल में सना हुआ पड़ा है और कोई हरकत नहीं कर रहा है.
फिर लोगों ने देखा साक्षात चमत्कार
किसी ने पिता कुछ और लोगों के साथ बच्चे के पास पहुंचे, तो सामने का नज़ारा देखकर उन्हें यकीन ही नहीं हुआ. उन्होंने देखा कि एंज़ो न सिर्फ ज़िंदा था बल्कि वो चल पा रहा था. न तो उसके शरीर पर कोई घाव था न ही खून बहर रहा था. सिर्फ उसके पैर में थोड़ी खरोच थी. हालांकि माता-पिता ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया और 7 दिन तक एडमिट रखा क्योंकि उन्हें आंतरिक चोट की आशंका थी. वो बात अलग है कि बच्चे की किडनी और फेफड़े में मामूली ब्लीडिंग के अलावा कुछ भी नहीं मिला और उसे डिस्चार्ज कर दिया गया.



