
जशपुर : जशपुर जिले में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दो अलग-अलग मामलों में 3 लोगों की मौत गई है। पहला मामला पत्थलगांव थाना क्षेत्र का है और दूसरा बागबहार थाना क्षेत्र का है। जहां आकाशीय बिजली गिरने से 3 महिलाओं ने दम तोड़ दिया।
पहली घटना शुक्रवार को दोपहर करीब 1:30 बजे की है। ग्राम चंदागढ़ के भैंसामुड़ा में खेत में धान की रोपाई करने गई 9 महिलाओं को आसमानी आफत ने अपनी जद में ले लिया। घटना में 2 महिलाओं की मौत हो गई।
घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया
आसपास के लोगों को सूचना मिलने पर घायल युवतियों और महिलाओं को नजदीकी अस्पताल तमता पहुंचाया गया। जिसके बाद गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पत्थलगांव के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।

खेत में रोपा लगाते समय हादसा
दूसरी घटना थाना बागबहार क्षेत्र के कुरकुट नाले पास की है। खेत में रोपा लगाने के दौरान अखियारो मिंज (40) की आकाशीय बिजली के चपेट में आने से मौत हो गई है। पुलिस ने मर्ग पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

3 महिलाएं अंबिकापुर रेफर
डॉक्टरों से मिली जानकारी के अनुसार सुधनी बाई (55), संध्या पैंकरा (24) और सुषमा यादव (23) को अंबिकापुर रेफर किया गया है। पत्थलगांव बीएमओ डॉ जेम्स मिंज ने कहा कि 3 लोगों को अंबिकापुर रेफर किया गया। बाकी 4 लोगों का अस्पताल में इलाज जारी है।




