
मूसलाधार बारिश से दीवार गिरने से पति-पत्नी की मौत:8 साल का बच्चा अस्पताल में भर्ती, कच्चे मकान की छत भी गिरी
पेंड्रा-गौरेला-मरवाही जिले में मूसलाधार बारिश से कच्चे मकान की दीवार गिर गई। हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई। वहीं 8 साल का बच्चा घायल हो गया है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा पेंड्रा थाना क्षेत्र के रामगढ़ का है।
जानकारी के मुताबिक मरने वाले पति का नाम दिनेश वाकरे (45 वर्ष) और पत्नी का नाम शारदा बाई (35 वर्ष) है। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी अपने बेटे के साथ सो रहे थे, तभी आधी रात मूसलाधार बारिश के कारण घर की कच्ची दीवार भरभराकर गिर गई, जिसमें तीनों लोग दब गए।

मकान पुराना था, जिससे बारिश नहीं झेल सका
पेंड्रा थाने के ASI बुधराम साहू ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस और सकोला तहसीलदार की टीम मौके पर पहुंची। जहां जांच पड़ताल की। तेज बारिश के कारण छत और दीवार गिरी है। मकान पुराना था। छत की लकड़ी भी पुरानी थी, जिससे दीवार और छत बारिश को झेल नहीं सके।
गौरेला में बच्चे का चल रहा इलाज
ASI बुधराम साहू ने बताया कि गौरेला अस्पताल में घायल बच्चे का इलाज चल रहा है। वहीं, दोनों पति-पत्नी के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

कई परिवार कच्चे मकान में काट रहे जिंदगी
पड़ोसी और स्थानीय लोगों ने बताया कि दिनेश वाकरे बहुत गरीब परिवार से था। वह पत्नी और बच्चे के साथ कच्चे मकान में ही रहता था। गांव में कई घर ऐसे हैं, जो कभी भी ढह सकते हैं। गरीब परिवार पक्के मकान बनाने में सक्षम नहीं है इसलिए झोपड़ी बनाकर रहते हैं।



