
एटीएम, एलपीजी से लेकर रेलवे टिकट तक… आज से देश में लागू हुए ये 6 बड़े बदलाव
आज से मई महीने की शुरुआत हो चुकी है और पहली ही तारीख से देश में कई तरह के बदलाव भी लागू हो गए हैं, जिनका असर हर घर हर जेब पर देखने को मिल सकता है. जी हां. 1 मई 2025 से जहां लागू बदलावों पर नजर डालें, तो एक ओर अब एटीएम से पैसे निकालना महंगा हो गया है और कैश विड्रॉल के लिए ज्यादा चार्ज देना होगा, तो वहीं भारतीय रेलवे की ओर से टिकट बुकिंग के नियमों में बड़ा चेंज किया गया है. आइए ऐसे ही 6 बड़े बदलावों के बारे में विस्तार से जानते हैं.
पहला बदलाव- ATM से पैसे निकालना महंगा
आज 1 मई 2025 से अगर आप कैश निकालने के लिए एटीएम (ATM) मशीन का इस्तेमाल करते हैं, तो फिर आपको ज्यादा चार्ज देना होगा. दरअसल, रिजर्व बैंक (RBI) ने बीते दिनों भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (NPCI) के प्रस्ताव पर फीस बढ़ाने की अनुमति दी थी. ऐसे में पहली तारीख से अगर ग्राहक अपने होम बैंक के ATM के बजाय किसी दूसरे नेटवर्क के बैंक एटीएम से पैसे निकालते थे, तो उन्हें हर ट्रांजैक्शन पर 17 रुपये की जगह 19 रुपये चार्ज देना होगा. इसके अलावा किसी दूसरे बैंक के ATM से बैलेंस चेक करने पर 6 रुपये की जगह 7 रुपये शुल्क लगेगा.
इसके अलावा कई बड़े बैंकों ने अपनी वेबसाइट पर फ्री-लिमिट के बाद ट्रांजैक्शंस पर लगने वाले चार्ज के बारे में जानकारी देना भी शुरू कर दिया है. HDFC बैंक की वेबसाइट के मुताबिक, Free Transaction Limit से अधिक लेनदेन होने पर 1 मई 2025 से 21 रुपये + टैक्स की एटीएम लेनदेन शुल्क को अब बढ़ाकर 23 रुपये + टैक्स किया जाएगा. वहीं पीएनबी (PNB) और इंडसइंड बैंक (IndusInd Bank) एटीएम से कैश विड्रॉल पर 23 रुपये का शुल्क लगेगा.
दूसरा बदलाव- कॉमर्शियल LPG सिलेंडर सस्ता
यहां बता दें कि हर महीने की पहली तारीख को जनता की निगाहें, एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में होने वाले बदलाव पर टिकी होती हैं, लेकिन मई की पहली तारीख को ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने 14 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर के दाम यथावत रखे हैं, यानी इनमें कोई बदलाव नहीं किया गया है. जबकि 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल LPG Cylinder की कीमतों में कटौती की है. दिल्ली में नीले रंग का ये सिलेंडर 14.50 रुपये सस्ता, जबकि कोलकाता में 17 रुपये सस्ता किया गया है.
कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दामों में महीने के पहले दिन हुए संशोधन के बाद दिल्ली में 19 किलो वाले रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 1747.50 रुपये, कोलकाता में 1851.50 रुपये, मुंबई में 1699 रुपये और चेन्नई में 1906 रुपये हो गई है. इसके अलावा एटीएफ (एयर टर्बाइन फ्यूल) की कीमतें भी घटी हैं.
तीसरा बदलाव- रेलवे ने बदला ये नियम
1 मई 2025 से होने वाला दूसरा बदलाव भारतीय रेलवे (Indian Railway) से जुड़ा हुआ है. दरअसल, रेलवे टिकट बुकिंग के नियमों में बदलाव किया जा रहा है और अब वेटिंग टिकट सिर्फ जनरल कोच में ही मान्य होगा. मतलब आप वेटिंग टिकट के साथ स्लीपर कोच में यात्रा नहीं कर सकते हैं. वहीं एडवांस रिजर्वेशन पीरियड 120 दिन से घटाकर 60 दिन कर दिया गया है.
चौथा बदलाव- 11 राज्यों में RRB योजना
मई महीने के पहले दिन एक और बड़ा बदलाव होने जा रहा है. दरअसल 1 मई 2025 से देश के 11 राज्यों में ‘One State-One RRB’ स्कीम प्रस्तावित है, जो आज से लागू हो सकती है.इसके तहत हर राज्य में सभी क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों को एक साथ जोड़कर एक बड़ा बैंक बनाया जाएगा. इससे बैंकिंग सेवाएं और भी बेहतर होंगी और ग्राहकों को पहले से और अधिक सुविधाएं मिल सकेंगी. ये चेंज UP, Andhra Pradesh, Gujarat, MP समेत अन्य राज्यों में लागू हो सकता है.
पांचवां बदलाव- Amul ने दूध की कीमतें बढ़ाईं
अमूल ने दूध की कीमतें बढ़ाने का ऐलान किया है. अमूल के मिल्क प्रोडक्ट्स की नई दरें आज यानी 1 मई 2025 से लागू हो गई हैं. अमूल के मुताबिक, देशभर में दूध की कीमत में दो रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी का फैसला लिया गया है. बता दें कि इससे पहले Mother Dairy ने भी अपने दूध की कीमतों में इजाफा किया था.
छठा बदलाव- 12 दिन बैंक हॉलिडे
अगर आपको मई महीने में बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम है, तो फिर आरबीआई द्वारा जारी बैंक हॉलिडे लिस्ट देखकर ही घर से बाहर निकलें, कहीं ऐसा न हो कि आप ब्रांच पहुंचे और वहां ताला लटका हुआ नजर आए. दरअसल, Bank Holiday List For May के मुताबिक, अलग-अलग राज्यों में विभिन्न पर्वों और आयोजनों के चलते कुल 12 दिन बैंक बंद रहने वाले हैं.



