
संसद के मानसून सत्र में पांच दिन का ब्रेक, 13 अगस्त से 17 अगस्त तक रहेगा अवकाश, अगली बैठक 18 अगस्त को
देश में चल रहे संसद के मानसून सत्र के दौरान, दोनों सदनों में 13 अगस्त से 17 अगस्त तक अवकाश रहेगा। लोकसभा और राज्यसभा की बैठकें 18 अगस्त, सोमवार को सुबह 11:00 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई हैं। सोमवार को सरकार ने हंगामे के बीच कुछ विधेयक पारित किए, जबकि इससे पहले भी कई महत्वपूर्ण विधेयक मंजूर किए गए थे। इस बीच, बिहार के एसआईआर मुद्दे को लेकर विपक्ष और सरकार के बीच गतिरोध बना हुआ है। विपक्षी सांसद संसद के भीतर और बाहर सरकार को घेरने की कोशिश कर रहे हैं। इस सत्र के दौरान, विपक्षी सांसदों ने सदन में सरकार के खिलाफ नारेबाजी और हंगामा किया, जिसके कारण दोनों सदनों की कार्यवाही सुचारू रूप से नहीं चल पाई।
संसद मानसून सत्र के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अवकाश रहेगा। इस दिन संसद सदस्य अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में स्वतंत्रता दिवस समारोहों में भाग लेंगे। इसी संदर्भ में, 13 और 14 अगस्त को भी अवकाश की घोषणा की गई है।
इसके साथ ही शनिवार और रविवार को दोनों सदनों की बैठक नहीं होती है, इसलिए अगली बैठक 18 अगस्त को होगी। उल्लेखनीय है कि संसद का मानसून सत्र 21 जुलाई से प्रारंभ हुआ है और यह 21 अगस्त तक चलेगा।



