
कोयला खदान में 34 घंटे से फंसे हैं 9 मजदूर, बचाव अभियान में उतरे नौसेना के गोताखोर
हाफलोंग: असम के दीमा हसाओ जिले में एक कोयला खदान में अचानक पानी भर जाने से कम से कम 9 मजदूर सोमवार सुबह से फंसे हुए हैं. यह घटना पहाड़ी दीमा हसाओ जिले के उमरंगसू के तीन किलो इलाके में स्थित एक कोयला खदान में हुई. माना जा रहा है कि खदान के अंदर तीन मजदूरों के शव पहले ही मिल चुके हैं, लेकिन फिलहाल उन्हें निकाला नहीं जा सका है.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, मंगलवार को बचाव अभियान शुरू करने के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की 30 टीमें और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की आठ टीमें मौके पर पहुंच गई हैं. असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा के आदेश के अनुसार, दीमा हसाओ के जिला आयुक्त, सीमांत कुमार दास और पुलिस अधीक्षक, मयंक कुमार झा भी राहत अभियान में तेजी लाने के लिए उमरंगसो पहुंच गए हैं.
हिमंत बिस्वा सरमा ने एक्स पर एक पोस्ट कर कहा, मैंने उमरंगसू में हमारे बचाव अभियान के लिए सहायता हेतु माननीय केंद्रीय कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी से भी बात की उन्होंने तुरंत निर्देश जारी किए हैं कि वे इस मिशन में असम सरकार को पूर्ण सहयोग प्रदान करेंगे.
बचाव प्रयासों को और मजबूत करने के लिए भारतीय नौसेना के गोताखोरों की मदद मांगी गई है. विशाखापत्तनम से नौसेना के गोताखोर बचाव अभियान में सहायता करने के लिए पहले ही रवाना हो चुके हैं और उनके जल्द ही मौके पर पहुंचने की उम्मीद है. बचाव दल के अनुसार खदान के अंदर पानी का स्तर लगभग 100 फीट तक बढ़ गया है. मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने इस स्थिति के बारे में एक्स (पूर्व में ट्विटर) के माध्यम से जानकारी दी.



