
रायपुर। राजधानी के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित भव्य सशस्त्र सैन्य समारोह के दौरान एक बड़ी अनहोनी टल गई. सुबह करीब 9:30 बजे लोहे की बैरिकेडिंग में अचानक करेंट फैलने से अफरातफरी मच गई. इस घटना के दौरान एक घोड़ा बैरिकेडिंग से टच हो गया और उसे करंट का झटका लग गया. मौके पर मौजूद घुड़सवारों ने तुरंत बिजली विभाग के कर्मचारियों को बुलाया और व्यवस्था को ठीक करवाया. राहत की बात यह रही कि घोड़ा पूरी तरह से सुरक्षित है और कोई अन्य हानि नहीं हुई है.
बता दें कि रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में सैन्य शक्ति प्रदर्शन आर्मी मेले का दो दिवसीय आयोजन किया जा रहा है, जो 5 से 6 अक्टूबर चलेगा. समारोह में भारतीय सैनिकों के स्ट्रेला 10 एम, टी- 90 भीष्म टैंक, जेडीयू 23 गन और 105 आर्टिलरी एमएम लाइट फील्ड गन जैसे आधुनिक हथियार और उपकरणों को लोग नजदीक से देख सकेंगे. इसके साथ ही सैनिक डेयर डेविल स्टंट, खुखरी डांस, मिलेट्री बैंड, स्लिदरिंग प्रदर्शन और घुड़सवारी प्रदर्शन भी दिखाएंगे.




