
राहुल गांधी बेंगलुरु के स्पेशल कोर्ट में हुए पेश, बीजेपी सरकार पर लगाया था 40% कमीशन खाने का आरोप
कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज, 7 जून, को बेंगलुरु की एक विशेष अदालत में पेश हुए। यह पेशी कर्नाटक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा दायर मानहानि के मामले के संबंध में हुई।राहुल गांधी ने पिछले साल विधानसभा चुनाव से पहले कई न्यूजपेपर में कथित तौर पर अपमानजनक विज्ञापन प्रकाशित करवाए थे। इसमें बीजेपी की अगुवाई वाली बसवराज बोम्मई सरकार पर हर सरकारी प्रोजेक्ट में 40% कमीशनखोरी करने का आरोप लगाया गया था। इस विज्ञापन को लेकर ही राहुल गांधी सिद्धरामैया और डीके शिवकुमार के खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज कराया गया था।
कांग्रेस नेताओं को भी संबोधित करेंगे राहुल गांधी
राहुल गांधी शुक्रवार सुबह बेंगलुरु पहुंच गए। मुख्यमंत्री सिद्धरामैया और उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार राहुल गांधी की अगुवाई के लिए बेंगलुरु एयरपोर्ट पर पहुंचे। राहुल गांधी सुबह 10:30 बजे सिटी सिविल कोर्ट में पेश हुए। इसके बाद राहुल गांधी क्वींस रोड स्थित भारत जोड़ो भवन में राज्य से कांग्रेस के नवनिर्वाचित सांसदों और पराजित उम्मीदवारों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार भी मौजूद रहेंगे।


