
ITBP जवानों को ले जा रही बस सिंध नदी में गिरी, जम्मू-कश्मीर के गांदरबल में बड़ा हादसा
श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में बड़ा हादसा हुआ है। सुरक्षाकर्मियों को ले जा रही एक बस बुधवार को सिंध नदी में गिर गई। अधिकारियों ने बताया कि बस में भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवान सवार थे। भारी बारिश के चलते कुल्लन इलाके में सिंध नदी उफान पर है। बस में सवार सभी कर्मियों की तलाश जारी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि बस में कितने लोग सवार थे।
घटना के बाद हड़कंप मच गया। SDRF गांदरबल और SDRF सब कंपोनेंट गुंड की जॉइंट टीमें मौके पर पहुंचीं और सर्च अभियान चलाया गया। बताया जा रहा है कि सेना के सभी जवानों को बचा लिया गया है। हालांकि कुछ को मामूली चोटें लगी हैं। ड्राइवर भी घायल हुआ है।
मूसलाधार बारिश ने बढ़ाई परेशानी
हालांकि आईटीबीपी जवानों के हथियार उफनाई नदी में बह गए। उन्हें निकालने का काम जारी है। कुछ हथियार नदी से निकाले गए हैं लेकिन तमाम बहकर दूर चले गए हैं। जहां पर बस दुर्घटना हुई है, वहां लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है, जिसके चलते रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कतें आईं।


